कुरुक्षेत्र, 15 मार्च। कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद क्षेत्र में देर रात बदमाशों द्वारा एक घर में घुसकर 19 वर्षीय युवती को अगवा करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि इससे करीब 15 दिन पहले भी युवती को उठा लिया गया था। दोबारा हुई इस घटना से परिवार के लोग भयभीत हैं।
परिवार के अनुसार वे पिछले करीब छह महीने से इस इलाके में रह रहे हैं और पशुपालन करके अपना गुजारा कर रहे हैं। युवती के भाई ने बताया कि रात लगभग 2:30 बजे पूरा परिवार सो रहा था, तभी पांच युवक पिस्टल और बंदूक लेकर उनके घर में घुस आए।
बताया गया कि तीन युवक युवती को जबरदस्ती अपने साथ ले गए, जबकि दो आरोपी घर पर ही खड़े होकर परिवार के सदस्यों को हथियार दिखाकर डराते रहे। जब परिजनों ने विरोध करने की कोशिश की तो आरोपियों ने गोली मारने की धमकी दी।
सड़क पर मिली युवती की चुन्नी
परिजनों के मुताबिक आरोपी कॉलोनी के बाहर अपनी गाड़ियां खड़ी करके आए थे। उनके जाने के बाद परिवार ने आसपास युवती की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। कुछ दूरी पर सड़क पर उसकी चुन्नी पड़ी हुई मिली। इसके बाद परिजनों ने डायल-112 पर फोन कर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पहले भी हो चुका है अपहरण
परिवार का कहना है कि करीब 15 दिन पहले भी युवती को जबरन उठा लिया गया था। उस समय वह अपने भांजे के साथ सब्जी लेने गई थी। इसी दौरान कुछ लोग उसे कार में बैठाकर ले गए थे। बच्चे ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी थी। परिजनों का आरोप है कि इस बार भी वही लोग हथियारों के दम पर युवती को अपने साथ ले गए हैं।
पुलिस की टीमें कर रही तलाश
शाहाबाद हुडा चौकी प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछली घटना में युवती को पंजाब के होशियारपुर से बरामद कर लिया गया था, हालांकि आरोपी फरार हो गए थे। फिलहाल युवती की तलाश के लिए पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही उसे सुरक्षित वापस लाने की कोशिश की जा रही है।




