इंसाइट न्यूज 24 : बिहार के वैशाली ज़िले के पतेपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक 20 वर्षीय महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, मृतका की शादी कुछ साल पहले हुई थी और वह अपने ससुराल में रह रही थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह-सुबह घर से धुआं उठता देखकर ग्रामीण मौके पर पहुँचे, तो वहाँ महिला का शव अर्धजला अवस्था में पाया गया।
परिवारवालों ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को जलाने की कोशिश की। मृतका के मायकेवालों का कहना है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पतेपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है, और प्राथमिक पूछताछ में कई संदेहास्पद बिंदु सामने आए हैं। फिलहाल ससुराल पक्ष के सदस्य फरार बताए जा रहे हैं।
गाँव में लोगों के बीच इस घटना को लेकर गुस्सा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख़्त सज़ा दी जाए। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।




