इंसाइट न्यूज 24, कुरुक्षेत्र, 1 सितंबर : इस वर्ष का वामन द्वादशी मेला कुरुक्षेत्र में “स्वच्छ कुरुक्षेत्र, मेरा कुरुक्षेत्र, मेरा अभियान” थीम के साथ मनाया जाएगा। श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा द्वारा आयोजित यह दो दिवसीय मेला 3 और 4 सितंबर को सन्निहित सरोवर पर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी और महंत बंसीपुरी महाराज के सान्निध्य में संपन्न होगा।
शोभायात्रा से होगा शुभारंभ
4 सितंबर को दोपहर 3 बजे श्री दुखभंजन महादेव मंदिर से भगवान वामन की शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसे उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह यात्रा रेलवे रोड, आंबेडकर चौक, पालिका बाजार होते हुए सायं 6 बजे सन्निहित सरोवर पहुंचेगी। शोभायात्रा में वामन भगवान की पालकी, विभिन्न संस्थाओं की झांकियां, फूलों की वर्षा और बैंडबाजे विशेष आकर्षण रहेंगे। श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई है।
वामन पुराण कथा और सेवा कार्यक्रम
3 सितंबर को प्रातः 9:30 बजे सूर्यनारायण मंदिर सभागार में आचार्य शुकदेव द्वारा वामन पुराण कथा का आयोजन होगा। इसी दिन मैट्रो अस्पताल द्वारा निशुल्क मेडिकल कैंप लगाया जाएगा और संध्या 6:30 बजे तीर्थ आरती होगी। 4 सितंबर को कथा का समापन होगा जिसमें केडीबी के मानद सचिव उपेन्द्र सिंघल मुख्य अतिथि होंगे।
संस्थाओं का सहयोग
इस आयोजन में कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड, जीओ गीता, श्रीकृष्ण कृपा परिवार, सेवा समिति, प्रेस क्लब कुरुक्षेत्र, रोटरी क्लब, लायंस क्लब, मैट्रो अस्पताल सहित 40 से अधिक संस्थाएं सहयोग कर रही हैं।
संयोजक जय नारायण शर्मा ने कहा, “यह मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता का संदेश भी देगा।”




