कुरुक्षेत्र/पिहोवा:
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा क्षेत्र के रहने वाले 26 वर्षीय युवक धीरज कुमार की लेबनॉन में एक औद्योगिक दुर्घटना में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, प्लाईवुड निर्माण इकाई में काम करते समय भारी प्लाई शीट्स उसके ऊपर गिर गईं, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना से जुड़ा सीसीटीवी वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है।
धीरज कुमार रोजगार की तलाश में करीब एक वर्ष पहले वर्क वीजा पर लेबनॉन गया था। वह बीका वैली इलाके के जेला इंडस्ट्रियल एरिया स्थित ‘बॉयस डिजाइन’ नामक फैक्ट्री में मजदूरी कर रहा था। परिजनों के मुताबिक, वह हाल ही में इस फैक्ट्री में नियुक्त हुआ था, इससे पहले वह एक अन्य कंपनी में सुरक्षा कर्मी के रूप में कार्यरत था।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक तीन बहनों का इकलौता भाई था और परिवार की आजीविका में अहम भूमिका निभा रहा था। उसके पिता पवन कुमार पिहोवा के कैथल रोड पर चाय की दुकान चलाते हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों ने सरकार और प्रशासन से अपील की है कि शव को जल्द से जल्द भारत लाने की व्यवस्था कराई जाए।
मौत के बाद उभरा शादी का विवाद
परिवार को 23 जनवरी को धीरज की मौत की जानकारी मिली, जबकि हादसा 21 जनवरी को होने की बात सामने आई है। इसी दौरान एक व्यक्ति ने दावा किया कि धीरज की शादी पास के गांव की एक युवती से हो चुकी थी। बताया गया कि विवाह का पंजीकरण 29 अगस्त 2023 को पिहोवा तहसील में हुआ था।
हालांकि, धीरज के पिता ने इन दावों को गलत बताते हुए कहा कि बेटे ने कभी शादी की बात घरवालों को नहीं बताई। परिजनों का आरोप है कि कथित विवाह फर्जी दस्तावेजों के जरिए दर्ज कराया गया है। इस पूरे मामले को लेकर तहसीलदार के समक्ष शिकायत देकर जांच की मांग की गई है।
दूतावास में शव लाने को लेकर दावे
परिवार के मुताबिक, जब उन्होंने लेबनॉन स्थित भारतीय दूतावास में शव को भारत लाने के लिए आवेदन किया, तो जानकारी मिली कि एक युवती ने खुद को मृतक की पत्नी बताते हुए अलग से दावा प्रस्तुत किया है। इस कारण प्रक्रिया में जटिलताएं बढ़ गई हैं। परिजन मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
जन्मदिन से पहले बुझ गया घर का चिराग
धीरज का 27वां जन्मदिन 2 फरवरी को मनाया जाना था, लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत हो गई। घर के इकलौते बेटे के चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।




