इंसाइट न्यूज 24, चंडीगढ़, 29 अगस्त : आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर लाडो लक्ष्मी योजना को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह द्वारा शुरू की गई यह योजना महिलाओं को सशक्त करने के बजाय उन्हें ठगने का एक माध्यम बन गई है।
ढांडा ने कहा कि विधानसभा चुनावों के दौरान बीजेपी ने हर महिला को ₹2100 देने का वादा किया था, लेकिन अब इस योजना को इतनी शर्तों में बांध दिया गया है कि अधिकांश महिलाएं इससे वंचित रह गई हैं। उन्होंने कहा, “हरियाणा में 1.4 करोड़ महिलाएं हैं, लेकिन योजना का लाभ मुश्किल से 10 प्रतिशत को ही मिल रहा है।”
योजना की शर्तों पर सवाल
• आय सीमा: योजना केवल उन महिलाओं के लिए है जिनकी वार्षिक आय ₹1 लाख से कम है, जबकि बीपीएल कार्डधारकों की सीमा ₹1.80 लाख है। इससे बड़ी संख्या में पात्र महिलाएं योजना से बाहर हो गई हैं।
• आयु सीमा: योजना में लाभार्थी की उम्र 23 वर्ष निर्धारित की गई है। ढांडा ने सवाल उठाया, “जब वोटिंग की उम्र 18 साल है, तो फिर योजना में 23 साल क्यों?”
• एक परिवार, एक लाभार्थी: यदि परिवार की किसी महिला को पहले से कोई सरकारी लाभ मिल रहा है, तो उसी परिवार की अन्य महिलाओं को योजना का लाभ नहीं मिलेगा।
“बीजेपी का चुनावी वादा निकला जुमला”
ढांडा ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने चुनाव से पहले बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें निभाने में नाकाम रही। उन्होंने कहा, “यह योजना महिलाओं के अधिकारों पर सीधा हमला है। बहनों-बेटियों को ठगने की साजिश है।”
आम आदमी पार्टी ने कहा कि हरियाणा की महिलाओं ने बीजेपी पर भरोसा किया था, लेकिन उन्हें सिर्फ़ छल और धोखे का तोहफ़ा मिला। पार्टी ने जनता से अपील की कि वे इस धोखे का जवाब आने वाले चुनावों में दें।




