Home » लेटेस्ट न्यूज़ » लाडवा विधानसभा की बदौलत मुख्यमंत्री बने नायब सिंह सैनी: सुमन सैनी

लाडवा विधानसभा की बदौलत मुख्यमंत्री बने नायब सिंह सैनी: सुमन सैनी

Picture of insightnews24

insightnews24

खैरी में 20 लाख की ब्राह्मण धर्मशाला का शिलान्यास, बरगट में लाइब्रेरी का उद्घाटन

लाडवा, 16 दिसंबर।
हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि लाडवा विधानसभा के नागरिकों के आशीर्वाद और समर्थन से ही नायब सिंह सैनी को प्रदेश की कमान संभालने का अवसर मिला है। आज पूरे प्रदेश में लाडवा की पहचान मुख्यमंत्री की विधानसभा के रूप में है। उन्होंने नागरिकों से संत कबीर कुटीर की विजिट करने का भी आह्वान किया।

सुमन सैनी मंगलवार को गांव खैरी, बरगट, जलालुद्दीन माजरा, रुड़की, बीड़ सोंटी, घडौली और काली रोनो में आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित कर रही थीं। इस दौरान ग्रामीणों ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। उन्होंने सभी गांवों में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने गांव खैरी में 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाली ब्राह्मण धर्मशाला का नारियल फोड़कर शिलान्यास किया, जबकि गांव बरगट में रिबन काटकर लाइब्रेरी का उद्घाटन किया।

ग्रामीणों की समस्याओं पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने कहा कि गांवों से कचरा उठाने के लिए शीघ्र ही रिक्शा की व्यवस्था की जाएगी, जिससे घरों का कचरा गांव से बाहर डालने में सुविधा होगी। इसके अलावा बुजुर्गों की परेशानी को देखते हुए प्रशासन को निर्देश दिए गए कि बुढ़ापा पेंशन गांव में ही वितरित की जाए, ताकि वृद्धजनों को दूर-दराज के गांवों में न जाना पड़े।

उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए ‘हर घर स्वदेशी’ के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर स्वदेशी रथ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपने पुराने खान-पान, पहनावे और खेती की परंपराओं को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी अपनाकर ही देश फिर से समृद्ध बन सकता है।

उन्होंने बताया कि गांवों के विकास के लिए सरकार लगातार ग्रांट भेज रही है। गांव रुड़की को 57.57 लाख, बरगट को 107.62 लाख, जलालुद्दीन माजरा को 82.46 लाख, बीड़ सोंटी को 50.77 लाख, घडौली को 69.51 लाख, काली रोनो को 101.73 लाख, खैरा को 72.36 लाख और खैरी को 97.36 लाख रुपये की राशि जारी की गई है। इन राशि से गांवों में विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं।

इस अवसर पर मीडिया कोऑर्डिनेटर तुषार सैनी, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष वंदना गोरी, चेयरमैन डॉ. सतीश कुमार मथाना, चेयरमैन जसविंदर सिंह, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र दबखेड़ा, विकास शर्मा, अमरेंद्र सिंह, शिव गुप्ता, सरपंच एसोसिएशन के प्रधान जितेंद्र खैरा, सरपंच नीतू सैनी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Advertisement

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स