कुरुक्षेत्र (लाडवा)।
कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक 12 वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चा उछलकर काफी दूर सड़क पर जा गिरा और गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही उसकी जान चली गई। हादसे के समय बच्चा अपने छोटे भाई-बहन के साथ पतंग पकड़ने के लिए दौड़ रहा था।
मृतक की पहचान सूफियान (12) पुत्र सलीम, निवासी गीता कॉलोनी लाडवा के रूप में हुई है। सूफियान के पिता सलीम कपड़ों की फेरी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और मां सरोज व पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी।
पतंग के पीछे दौड़ते हुए सड़क तक पहुंचे बच्चे
परिजनों के अनुसार, सूफियान अपने छोटे भाई-बहन के साथ कॉलोनी के पास खाली प्लॉट में खेल रहा था। इसी दौरान कटी हुई पतंग नजर आई, जिसे पकड़ने के लिए तीनों बच्चे उसके पीछे दौड़ पड़े। खेल-खेल में वे लाडवा-इंद्री रोड तक पहुंच गए।
सड़क पार करते समय हादसा
बताया गया कि भाई-बहन सड़क पार कर गए, जबकि सूफियान पीछे रह गया। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सूफियान हवा में उछलकर काफी दूर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
आसपास मौजूद लोगों ने बच्चे को तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद चालक फरार
टक्कर के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि फरार चालक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।




