हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने रविवार को कुरुक्षेत्र जिले की अपनी विधानसभा लाडवा में लोहड़ी और मकर संक्रांति का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया। वे अपनी पत्नी सुमन सैनी के साथ कार्यक्रम स्थल पहुंचे और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर उत्सव में भाग लिया।
शिवाला रामकुंडी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पारंपरिक भगवा पगड़ी पहनकर लोहड़ी के लोकगीतों में सहभागिता की। पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने अग्नि में मूंगफली, तिल और पॉपकॉर्न की आहुतियां दीं तथा अग्नि की परिक्रमा की। इस अवसर पर राज्यमंत्री सुभाष सुधा भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडवा से उनका भावनात्मक जुड़ाव है, क्योंकि यह उनकी अपनी विधानसभा है। वे यहां के लोगों से निरंतर संपर्क बनाए रखते हैं। इससे पहले भी वे लाडवा में जन्माष्टमी और दिवाली जैसे पर्वों में शामिल हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि पंजाब में आयोजित कार्यक्रम से लौटने के बाद वे सीधे लाडवा पहुंचे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम नायब सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को 2100 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है और अब तक करीब 280 करोड़ रुपये की राशि वितरित की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि सरकार अपने चुनावी संकल्पों को चरणबद्ध तरीके से पूरा कर रही है। महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का वादा भी पूरा किया जा रहा है, जिससे प्रदेश की माताओं और बहनों को सीधा लाभ मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इससे पहले उन्हें पंजाब की ऐतिहासिक धरती माछीवाड़ा साहिब में गुरु गोबिंद सिंह जी को नमन करने का सौभाग्य मिला और वहां से वे सीधे लोहड़ी व मकर संक्रांति के कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने प्रदेशवासियों को दोनों पर्वों की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या पर रोक लगाना समय की बड़ी जरूरत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 22 जनवरी 2015 को पानीपत से शुरू किए गए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और हरियाणा में लिंगानुपात में पहले की तुलना में सुधार दर्ज किया गया है।




