लाडवा/बाबैन, 20 जनवरी। हरियाणा बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष सुमन सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। उन्होंने बुधवार को लाडवा विधानसभा क्षेत्र में करीब 1 करोड़ 9 लाख 45 हजार रुपये की लागत से कराए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
सुमन सैनी सबसे पहले बाबैन की नई अनाज मंडी पहुंचीं, जहां हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित अटल किसान श्रमिक कैंटीन का उद्घाटन किया गया। इसी परिसर में 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले भूजल पुनर्भरण तालाब के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया गया।
इस दौरान मुख्यमंत्री किसान एवं खेतिहर श्रमिक जीवन सुरक्षा योजना के तहत तीन लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। गांव रामशरण माजरा के सुशील कुमार को 37 हजार 500 रुपये, रामगढ़ के तरसेम और बीड मथाना के संतराम को 1-1 लाख 25 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए।
उपाध्यक्ष सुमन सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में “बिना खर्ची, बिना पर्ची” युवाओं को रोजगार दिया जा रहा है और राज्य के युवा देश-विदेश में अपनी पहचान बना रहे हैं।
इसके बाद वे गांव मेहरा पहुंचीं, जहां 54 लाख 45 हजार रुपये की लागत से बने सब हेल्थ केयर सेंटर/आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन किया गया। मौके पर मकान मरम्मत सहायता योजना के तहत गांव के इस्लाम को 80 हजार रुपये और संतोष को 50 हजार रुपये की सहायता राशि के चेक दिए गए।
सुमन सैनी ने बताया कि प्रदेश सरकार किसानों और महिलाओं के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। दीनदयाल लाड़ो लक्ष्मी योजना महिलाओं के लिए वरदान साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को बधाई दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, मार्केट कमेटी अध्यक्ष जसविंदर सैनी, बाबैन मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, लाडवा मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




