कुरुक्षेत्र, 12 नवंबर (विशेष): लाडवा पुलिस ने ऑपरेशन ट्रैक डाउन के तहत दो साल से फरार चल रहे वांटेड बदमाश पंकज उर्फ मिंकू निवासी खरकाली को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या की कोशिश, झगड़ा और आर्म्स एक्ट समेत सात मामले दर्ज हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, 29 सितंबर 2023 को लाडवा-मुस्तफाबाद रोड पर गांव ध्यांगला के पास एक कार पेड़ से टकरा गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार से तीन घायल युवक — मनदीप सिंह निवासी खरकाली, पंकज उर्फ मिंकू और विनीत कुमार निवासी पालमपुर (हिमाचल प्रदेश) — को बाहर निकाला था।
देसी कट्टा और कारतूस बरामद
कार की तलाशी में ड्राइवर सीट के नीचे से एक देसी कट्टा बरामद हुआ था, जिसमें एक खाली (फायर किया हुआ) राउंड मिला था। वहीं, मनदीप सिंह के पास से 12 बोर के पांच कारतूस जब्त किए गए थे। पुलिस ने तीनों को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती करवाया और थाना लाडवा में मामला दर्ज किया।
मनदीप जेल भेजा गया, मिंकू था फरार
फरवरी 2024 में पुलिस ने आरोपी मनदीप सिंह उर्फ गट्टू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन मिंकू गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार रहा। पुलिस उसे पिछले दो साल से तलाश रही थी। आखिरकार, ऑपरेशन ट्रैक डाउन के दौरान पुलिस ने मिंकू को दबोच लिया।
कई जिलों में दर्ज हैं केस
थाना लाडवा के SHO जगदीश टामक ने बताया कि मिंकू के खिलाफ हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में 4, कुरुक्षेत्र के लाडवा में 2 और यमुनानगर के रादौर थाने में 1 केस दर्ज हैं। इन मामलों में हत्या की कोशिश, झगड़ा और आर्म्स एक्ट के आरोप शामिल हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।




