रोहतक, 15 अक्टूबर : हरियाणा पुलिस के साइबर सेल में तैनात ASI संदीप कुमार ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उनकी डेडबॉडी लाढ़ौत रोड पर खेत में बने मामा के मकान से बरामद हुई। मौके से चार पन्नों का सुसाइड नोट और एक वीडियो मिला है, जिसमें उन्होंने दिवंगत IPS वाई. पूरन कुमार और उनके गनमैन सुशील कुमार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं।
वीडियो में किया खुलासा
संदीप कुमार ने आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो में कहा कि IPS पूरन कुमार ने करप्शन केस में बदनामी के डर से आत्महत्या की थी। उन्हें डर था कि इससे उनके परिवार की राजनीतिक छवि पर असर पड़ेगा।
पिछली घटनाओं से जुड़ा मामला
6 अक्टूबर को रोहतक पुलिस ने पूरन कुमार के गनमैन सुशील कुमार को शराब कारोबारी से रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया था। इसके अगले ही दिन, 7 अक्टूबर को IPS पूरन कुमार ने चंडीगढ़ स्थित अपने आवास पर खुद को गोली मार ली थी।
परिवार ने पोस्टमॉर्टम से किया इनकार
संदीप कुमार के परिवार ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि जब तक FIR दर्ज नहीं की जाती, वे शव को नहीं सौंपेंगे। फिलहाल शव लाढ़ौत गांव में मामा के घर पर रखा गया है। ASP प्रतीक कुमार परिवार को समझाने पहुंचे, लेकिन वे FIR की मांग पर अड़े हुए हैं।
जांच और कार्रवाई की मांग तेज
इस मामले ने एक बार फिर हरियाणा पुलिस महकमे में अंदरूनी तनाव और भ्रष्टाचार के आरोपों को उजागर कर दिया है। स्थानीय स्तर पर पुलिस प्रशासन पर पारदर्शी जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।




