रोहतक। रोहतक में जिला परिषद के वाइस चेयरमैन अनिल हुड्डा पर उनके कार्यालय में घुसकर कुछ युवकों द्वारा हमला किए जाने की घटना सामने आई है। आरोप है कि 5-6 युवक अचानक कार्यालय में दाखिल हुए और उनके साथ मारपीट कर उन्हें धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। घटना की सूचना आर्य नगर थाना पुलिस को दी गई है।
जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय अनिल हुड्डा अपने कार्यालय में अकेले मौजूद थे। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और अचानक उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। अनिल हुड्डा ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों की संख्या ज्यादा होने के कारण वे उन्हें काबू नहीं कर सके। आरोपियों ने उन्हें गिराकर पीटा और बाद में मौके से निकल गए।
बैठक में हुआ था विवाद
बताया जा रहा है कि एक दिन पहले जिला परिषद की बैठक के दौरान वाइस चेयरमैन अनिल हुड्डा और पार्षद धीरज मलिक के बीच कहासुनी हो गई थी। बैठक खत्म होने के बाद भी नीचे किसी व्यक्ति के साथ उनका विवाद हुआ था। चर्चा है कि इसी मामले के चलते हमला कराया गया हो सकता है।
सरकारी भवन में सुरक्षा पर सवाल
अनिल हुड्डा का कार्यालय जिला विकास भवन में स्थित है, जहां एडीसी समेत कई अधिकारियों के दफ्तर भी हैं। ऐसे में सरकारी परिसर के भीतर इस तरह की घटना होने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस कर रही जांच
आर्य नगर थाना के एसएचओ बिजेंद्र कुमार ने बताया कि वाइस चेयरमैन की ओर से अभी तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि एडीसी नरेंद्र कुमार की तरफ से शिकायत दी गई है कि कुछ अज्ञात युवक सरकारी भवन में घुसकर मारपीट कर गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




