हरियाणा के रेवाड़ी जिले के धारूहेड़ा क्षेत्र में एक 14 वर्षीय छात्रा ने सोमवार देर शाम किराए के मकान में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था, जिसके चलते कुछ महीने पहले उसकी स्कूल फीस जमा नहीं हो पाई थी और उसे पढ़ाई छोड़नी पड़ी थी। पढ़ाई बंद होने के बाद छात्रा मानसिक रूप से परेशान रहने लगी।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान बिहार के मोतिहारी निवासी रिंकू कुमारी के रूप में हुई है, जो परिवार के साथ सेक्टर-6 हाउसिंग बोर्ड, धारूहेड़ा में रहती थी। रिंकू आठवीं कक्षा की छात्रा थी और पढ़ाई में होशियार बताई जा रही है।
काम पर गए थे माता-पिता, घर में अकेली थी रिंकू
जानकारी के मुताबिक छात्रा के पिता इलेक्ट्रीशियन का काम करते हैं, जबकि मां सब्जी की रेहड़ी लगाती हैं। घटना के समय दोनों काम पर गए हुए थे। घर पर रिंकू अकेली थी और उसके भाई-बहन बाहर खेल रहे थे। शाम करीब साढ़े छह बजे परिजन घर लौटे तो उन्होंने रिंकू को पंखे से लटका पाया। तुरंत उसे निजी अस्पताल ले जाया गया जहां doctors ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने कराया पोस्टमॉर्टम
सूचना पर धारूहेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई महिपाल ने बताया कि शव को अस्पताल ले जाने के बाद पुलिस ने कब्जे में लेकर रेवाड़ी के सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम करवाया। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस: पढ़ाई छूटना ही प्रमुख कारण, अन्य दबाव का संकेत नहीं
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टि में आत्महत्या का कारण पढ़ाई छुड़वाया जाना ही प्रतीत होता है। अभी तक किसी बाहरी दबाव, प्रताड़ना या अन्य कारण का खुलासा नहीं हुआ है। मामले की जांच जारी है।




