कुरुक्षेत्र, 16 अक्टूबर: हरियाणा सरकार के तीसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को कुरुक्षेत्र के नए लघु सचिवालय सभागार में जन विश्वास-जन विकास समारोह का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण 2.0 के तहत जिले के चिन्हित लाभार्थियों को जिला प्रशासन की ओर से अधिकार पत्र वितरित किए जाएंगे। जिला स्तरीय कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी, जबकि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पंचकूला से कार्यक्रम में लाइव जुड़कर संबोधित करेंगे।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। सभी अधिकारी समय पर अपने कार्यों को पूरा करेंगे।
उन्होंने कहा कि समारोह के दौरान सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभ प्राप्त करने की जानकारी भी लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा, सरकार की उपलब्धियों को दर्शाने वाली एक विस्तृत बुकलेट भी वितरित की जाएगी, जिसमें सभी योजनाओं और कार्यों का विवरण शामिल होगा।




