राजौरी, जम्मू-कश्मी/ मंगलवार-:जम्मू-कश्मीर के राजौरी ज़िले में मंगलवार को नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास कम से कम दो ड्रोन देखे गए। यह घटना उस समय हुई जब सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान को संघर्षविराम उल्लंघन और सीमा पार उकसावे के खिलाफ कड़ी चेतावनी दी थी।
सूत्रों के अनुसार, राजौरी सेक्टर में ड्रोन गतिविधि का पता चलते ही भारतीय सेना ने मानक संचालन प्रक्रिया के तहत जवाबी कार्रवाई की। सैनिकों ने हवाई वस्तुओं को निष्क्रिय करने के लिए फायरिंग की।
सूत्रों ने बताया कि डुंगला-नाबला क्षेत्र में कई पाकिस्तानी ड्रोन देखे गए, जिन्हें भारतीय सेना ने निशाना बनाया। ड्रोन घुसपैठ का पता चलते ही फायरिंग की गई।
फिलहाल क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखी जा रही है और सुरक्षा बल उच्च सतर्कता पर हैं ताकि किसी भी सीमा पार घुसपैठ की कोशिश को विफल किया जा सके।




