इंसाइट न्यूज 24, कुरुक्षेत्र, 27 अगस्त — कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के यूआईईटी संस्थान में चल रहे इंडक्शन कार्यक्रम के तहत नए छात्रों को संस्थान के परिवेश से परिचित कराने और उन्हें शिक्षकों व सहपाठियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। संस्थान के निदेशक प्रो. सुनील ढींगरा ने कहा कि यह कार्यक्रम छात्रों को संस्थान की संस्कृति, मूल्यों और शैक्षणिक वातावरण से जोड़ने का एक सुनियोजित प्रयास है।
संप्रेषण कौशल पर विशेष सत्र:
कार्यक्रम के दौरान “इफेक्टिव कम्युनिकेशन एंड प्रोफेशनल सक्सेस” विषय पर आयोजित सत्र में मुख्य वक्ता पंजाब विश्वविद्यालय की प्रो. दीप्ति गुप्ता ने कहा कि प्रभावी संप्रेषण ही व्यावसायिक सफलता की कुंजी है। उन्होंने बताया कि संवाद केवल शब्दों से नहीं, बल्कि हाव-भाव, शरीर की भाषा और स्वर के लहजे से भी होता है। आमने-सामने संवाद में 50% भूमिका शरीर की भाषा निभाती है।
चार कौशलों पर बल:
डॉ. गुप्ता ने छात्रों को सुनना, बोलना, पढ़ना और लिखना—इन चारों संप्रेषण कौशलों के संतुलित विकास की आवश्यकता बताई। उन्होंने स्पष्टता, संक्षिप्तता, विनम्रता और सक्रिय श्रवण को प्रभावी संवाद के मूल तत्व बताया।
इंटरशिप छात्रों का सम्मान:
कार्यक्रम में डॉ. पूनम डब्बास के नेतृत्व में बीसीए की इंटरशिप पूरी करने वाले आर्य पीजी कॉलेज और इंस्टिट्यूट ऑफ इंटीग्रेटेड एंड ऑनर्स स्टडीज़ के विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
सत्र संचालन और आभार:
सत्र का संचालन परिधि ने किया, जबकि डॉ. सविता और दीप्ति चौधरी ने सभी वक्ताओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।




