यमुनानगर, 26 मार्च 2026। समग्र शिक्षा हरियाणा के अंतर्गत जिला यमुनानगर के सामान्य अस्पताल में दिव्यांग बच्चों के लिए जिला स्तरीय फिजियोथैरेपी कैंप का आयोजन किया गया। इस पहल में बच्चों और उनके अभिभावकों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परियोजना समन्वयक (DPC) करनैल सिंह संधावा ने की। उन्होंने बताया कि जिले में इस तरह का फिजियोथैरेपी कैंप पहली बार आयोजित किया गया है, जिसका उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को बेहतर शारीरिक सहायता और मार्गदर्शन देना है।
कैंप में फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. जगदीप और मनिंदर ने बच्चों को विभिन्न एक्सरसाइज करवाईं और अभिभावकों को रोजाना घर पर करने योग्य फिजियोथैरेपी के तरीके समझाए, ताकि बच्चों की निरंतर देखभाल हो सके।
इस कैंप में करीब 50 दिव्यांग बच्चों और 65 अभिभावकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान सभी के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई।
इस आयोजन को सफल बनाने में सीएमओ कार्यालय और डॉ. पुनीत की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं समन्वय की जिम्मेदारी डॉ. धर्मवीर और सुभाष काली रमन ने संभाली।
दिव्यांग बच्चों के लिए सहायता योजनाएं
करनैल सिंह संधावा ने जानकारी दी कि जो बच्चे स्कूल नहीं जा पाते, उन्हें घर पर शिक्षा दी जाती है। इसके अलावा सरकार द्वारा होम-बेस्ड अलाउंस, एस्कॉर्ट अलाउंस और दृष्टिबाधित बच्चों के लिए सहायक राशि जैसी सुविधाएं भी दी जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि जिले में दिव्यांग बच्चों की शिक्षा के लिए 15 विशेष शिक्षक कार्यरत हैं और भविष्य में ऐसे कैंप ब्लॉक स्तर पर भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक बच्चों तक सुविधा पहुंच सके।
कार्यक्रम में कई स्पेशल टीचर्स और स्टाफ सदस्य मौजूद रहे, जिन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।




