कुरुक्षेत्र।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को कुरुक्षेत्र शहर में आयोजित दो अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सुबह सबसे पहले वह अपनी विधानसभा लाडवा के शिवाला रामकुंडी में आयोजित अटल स्मृति महासम्मेलन में भाग लेंगे। यह कार्यक्रम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में आयोजित किया जा रहा है।
इसके बाद शाम के समय मुख्यमंत्री कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे और केडीबी रोड स्थित तिरुमला तिरुपति देवस्थानम में आयोजित बैकुंठ एकादशी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। बैकुंठ एकादशी भगवान विष्णु को समर्पित एक प्रमुख पर्व है, जिसे विशेष पूजा-अर्चना और भक्ति आयोजनों के साथ मनाया जाता है। तिरुमला तिरुपति देवस्थानम मंदिर उत्तर भारत में श्रद्धालुओं का प्रमुख आस्था केंद्र माना जाता है।
सुरक्षा व्यवस्था सख्त, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
मुख्यमंत्री की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने दोनों कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ आने-जाने वाले मार्गों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन के अनुसार दोनों आयोजनों में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है और इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।




