Home » क्राइम » मामूली विवाद बना जानलेवा, लाठी-डंडों से पीटकर 12वीं के छात्र की हत्या

मामूली विवाद बना जानलेवा, लाठी-डंडों से पीटकर 12वीं के छात्र की हत्या

Picture of insightnews24

insightnews24

फरीदाबाद।
फरीदाबाद में एक मामूली कहासुनी ने खौफनाक रूप ले लिया। आरोप है कि कुछ युवकों ने 16 वर्षीय छात्र रवि पर लाठी-डंडों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावरों ने उसके सिर पर लगातार वार किए। घायल अवस्था में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चार दिन तक जीवन और मौत से जूझने के बाद रविवार दोपहर उसकी मौत हो गई।

रवि की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह घर का एकमात्र बेटा और अपनी मां का सबसे बड़ा सहारा था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। अब परिवार में केवल मां और 11 वर्षीय छोटी बहन रह गई हैं। बेटे की मौत से मां गहरे सदमे में है।

17 जनवरी को मनाया जाना था जन्मदिन

मुजेसर थाना क्षेत्र की संजय कॉलोनी निवासी रवि एक निजी स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र था। वह 17 जनवरी को 17 वर्ष का होने वाला था, लेकिन उससे पहले ही उसकी जिंदगी छिन गई। परिवार की सारी उम्मीदें उसी पर टिकी थीं।

मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, 28 दिसंबर 2025 को संजय कॉलोनी की गली नंबर 45 में घर के पास रहने वाले कुछ युवकों से रवि की कहासुनी हो गई थी। उस समय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन बताया जा रहा है कि आरोपी युवकों ने इसी बात को लेकर रंजिश पाल ली।

10 से 12 युवकों ने मिलकर किया हमला

30 दिसंबर 2025 को आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से रवि पर हमला किया। करीब 10 से 12 युवक लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे। उस समय रवि अपने दोस्तों के साथ घर के पास पानी के प्लांट के बाहर आग ताप रहा था। आरोप है कि युवकों ने अचानक उस पर हमला कर दिया और ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा।

गंभीर चोटें बनी मौत की वजह

सूचना मिलने पर दोस्त सौरभ घायल रवि को सिविल अस्पताल लेकर पहुंचा। डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे दिल्ली रेफर किया, लेकिन परिजन उसे पास के निजी अस्पताल में ले गए। डॉक्टरों के अनुसार, सिर में अत्यधिक रक्तस्राव और अंदरूनी गंभीर चोटों के कारण रवि की हालत लगातार बिगड़ती चली गई। चार दिन के इलाज के बाद रविवार को उसकी मौत हो गई।

दोस्त का आरोप: पूरी साजिश के तहत हमला

मृतक के दोस्त सौरभ ने बताया कि हमला अचानक नहीं था। आरोपी पूरी तैयारी के साथ आए थे। पहचान छिपाने के लिए उन्होंने चेहरे ढक रखे थे और अपनी बाइकों को गली से दूर खड़ा किया था। हमलावरों ने जानबूझकर रवि के सिर पर ही अधिक वार किए।

हत्या का मामला दर्ज, आरोपी हिरासत में

पुलिस ने पहले दर्ज मारपीट के केस को हत्या में बदल दिया है। मुजेसर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवाया है। पुलिस ने दो से तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। मामले में हत्या की धाराएं जोड़कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement

Poll

क्या आप \"Insight News24\" की खबरों से संतुष्ट हैं?

Cricket Live

Leave a Comment

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स