कुरुक्षेत्र।
जिला कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को महिला कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके आगमन पर प्रदेश महिला अध्यक्ष सुधा भारद्वाज, उत्तराखंड प्रभारी सुनीता गावड़े, दिल्ली प्रभारी सुनीता सहरावत तथा प्रदेश मीडिया प्रभारी मोनिका डुमरा सहित अन्य पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अल्का लांबा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा महिलाओं की आवाज उठाई है और उन्हें पूरा मान-सम्मान दिया है, जबकि भाजपा ने ‘बेटी बचाओ’ का नारा तो दिया, लेकिन महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम नहीं उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में महिलाओं पर अत्याचार लगातार बढ़े हैं, जिसके कारण आज बेटियां खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिलाओं को हिम्मत देने और उन्हें न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।
अल्का लांबा ने अग्निवीर योजना पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि भारतीय सेना में जाने का सपना देखने वाले युवाओं के सपनों को इस योजना के माध्यम से तोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा का युवा बड़ी संख्या में सेना में जाकर देश की सीमाओं की रक्षा करता रहा है, लेकिन भर्ती प्रक्रिया में बदलाव कर सीमाओं को कमजोर किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम तो हटा दिया, लेकिन उनके विचारों को समाप्त नहीं किया जा सकता। भाजपा सरकार मनरेगा को कमजोर कर रही है और पूंजीपतियों के इशारों पर काम कर रही है। उन्होंने प्रदेश में बेरोजगारी को गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि यहां का युवा खेत-खलिहान बेचकर विदेशों में पलायन करने को मजबूर है, जबकि सरकार रोजगार देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
अल्का लांबा ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बनाया जा रहा है और चुनाव आयोग मूकदर्शक बना हुआ है। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में 25 लाख फर्जी वोट बनाकर वोटों की चोरी के जरिए सरकार बनाई गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जनता की नहीं, बल्कि चोरी की सरकार चल रही है।




