फतेहाबाद, 25 दिसंबर: भूना शहर में क्रिसमस डे के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध किया, जिससे हंगामा हो गया। हालांकि पुलिस के हस्तक्षेप से स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 5 के बड़े मोहल्ला में मास्टर चिमनलाल के घर क्रिसमस डे कार्यक्रम रखा गया था। इसमें फतेहाबाद के साथ-साथ आसपास के जिलों से भी कई क्रिस्चियन समुदाय के लोग, जिनमें महिलाएं और बच्चे शामिल थे, कार्यक्रम में आए थे।
कार्यक्रम की जानकारी मिलते ही कुछ लोग मौके पर पहुंचे और विरोध करने लगे। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण था और किसी को कोई परेशानी नहीं हो रही थी। विरोध करने वालों ने धर्म परिवर्तन का मुद्दा उठाते हुए असहमति जताई।
सूचना मिलते ही भूना थाना प्रभारी ओमप्रकाश पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर वहां से हटाया। इसके बाद कार्यक्रम को बंद करना पड़ा।
आयोजक चिमनलाल ने कहा कि उनका कार्यक्रम और प्रभु यीशु का जन्मदिन दोनों खुशी के अवसर थे। उन्होंने कहा कि विवाद बिना कारण उत्पन्न किया गया और यह सही नहीं है।
स्थानीय लोगों ने भी कहा कि भारत में हर किसी को अपने धर्म और त्योहार मनाने का अधिकार है और किसी को इसे बाधित नहीं करना चाहिए।
भाजरंग दल के प्रखंड संयोजक अनिल नेहरा ने साफ किया कि उनके संगठन के किसी सदस्य ने विरोध नहीं किया। पुलिस ने भी पुष्टि की कि विरोध करने वाले स्थानीय लोग ही थे।




