कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान के तहत निकाला कैंडल मार्च
कुरुक्षेत्र।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रेस वार्ता के बाद भाजपा पर लगाए गए वोट चोरी के आरोपों को लेकर गुरुवार देर शाम कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान के तहत कैंडल मार्च निकाला।
कुरुक्षेत्र जिला कांग्रेस कार्यालय में एकत्र हुए कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर महाराजा अग्रसेन चौक तक मार्च निकाला। इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई।
मार्च का नेतृत्व शाहाबाद विधायक रामकरण काला ने किया। उन्होंने कहा कि “भाजपा सरकार सत्ता हथियाने के लिए किसी भी प्रकार का हथकंडा अपनाने से पीछे नहीं हटती। यह सरकार जनता के वोट की चोरी कर लोकतंत्र पर हमला कर रही है।”
रामकरण काला ने कहा कि राहुल गांधी ने भाजपा की वोट चोरी का खुलासा कर दिया है और चुनाव आयोग के साथ मिलकर किए गए फर्जीवाड़े के सबूत भी सामने रखे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष हुए चुनावों में हर वर्ग भाजपा से नाराज था, जनता बदलाव चाहती थी और कांग्रेस की लहर पूरे प्रदेश में थी, लेकिन भाजपा ने छल-कपट का सहारा लेकर 25 लाख फर्जी वोट बनाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि हजारों मतदाताओं के घर का कोई पता नहीं है और एक ही व्यक्ति की तस्वीर कई वोटर कार्डों पर लगाई गई है। यह दर्शाता है कि प्रदेश की मौजूदा सरकार “चोरी की सरकार” है।
काला ने कहा कि भाजपा का असली चेहरा अब जनता के सामने आ चुका है और देश व प्रदेश का मतदाता अब भाजपा को कभी माफ नहीं करेगा।
इस अवसर पर कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।




