एनएच-44 पिपली जू के सामने बनेगा फ्लाईओवर, लाडवा मुख्य मार्ग पर नई ग्रिल लगाने का प्रस्ताव तैयार
कुरुक्षेत्र, 24 अक्टूबर।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि ब्रह्मसरोवर के हर प्रवेश द्वार और चारों ओर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना तैयार की जा रही है। इस योजना के तहत अर्जुन चौक, द्वितीय व तृतीय गेट सहित पुलिस प्रशासन के सुझावों के अनुसार कैमरे लगाए जाएंगे। नगर परिषद को इस दिशा में डिटेल प्लान तैयार करने और जल्द सरकार को भेजने के निर्देश दिए गए हैं ताकि ब्रह्मसरोवर को पूरी तरह सुरक्षा कवच में लाया जा सके।
उपायुक्त शुक्रवार को लघु सचिवालय सभागार में हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि शहर के सभी सीसीटीवी कैमरों के रखरखाव और तकनीकी खामियों को भी दूर किया जाएगा।
एनएच-44 पिपली जू के सामने फ्लाईओवर का प्रस्ताव
उपायुक्त मीणा ने बताया कि पिपली चौक पर ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं की समस्या से राहत दिलाने के लिए एनएच-44 पिपली जू के सामने फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। एनएचएआई के अधिकारियों के साथ जल्द बैठक आयोजित होगी और मंजूरी मिलने के बाद 12 माह के भीतर परियोजना को धरातल पर उतारने की योजना है।
लाडवा मुख्य मार्ग पर लगेगी नई ग्रिल
कुरुक्षेत्र-यमुनानगर मार्ग पर लाडवा के बीच डिवाइडिंग रोड की पुरानी ग्रिल टूट चुकी है, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। उपायुक्त ने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा नई ग्रिल लगाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है और इस पर शीघ्र कार्रवाई होगी।
ट्रैफिक लाइट नियमों की उल्लंघना करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
शहर में ट्रैफिक लाइट तोड़ने या अनदेखी करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि पिपली चौक पर रेड लाइट हमेशा चालू रहे।
अवैध कट बनाने वाले ढाबा मालिकों पर दर्ज हो सकती है एफआईआर
उपायुक्त मीणा ने कहा कि एनएच-44 पर 86 अवैध कटों को बंद किया गया था, परंतु कुछ ढाबा संचालक बार-बार ग्रिल तोड़कर अवैध कट बना रहे हैं। ऐसे आठ लोगों को चिन्हित किया गया है और दोबारा उल्लंघन पर एनएचएआई की ओर से एफआईआर दर्ज की जाएगी।
पिपली चौक के शेष सौंदर्यीकरण कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश
उन्होंने कहा कि पिपली चौक का मुख्य सौंदर्यीकरण कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन स्लीप रोड और अन्य हिस्सों के कार्य शेष हैं। अधिकारियों को जल्द यह काम पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि कुरुक्षेत्र का प्रवेश द्वार और भी आकर्षक बन सके।
अतिक्रमण हटाने के निर्देश, व्यापारियों से सहयोग की अपील
रेलवे रोड और पैनोरमा चौक के आस-पास अतिक्रमण हटाने के लिए दुकानदारों को स्वयं आगे आने की अपील की गई है। उपायुक्त ने डीएमसी को व्यापार मंडल और संस्थाओं की बैठक बुलाने के निर्देश दिए हैं, ताकि आगामी अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव और अन्य आयोजनों में यातायात सुचारू रहे।
गीता महोत्सव से पहले सड़क मरम्मत और सफाई कार्य पूरा करें अधिकारी
उपायुक्त ने कहा कि आगामी महोत्सवों से पहले सभी प्रमुख मार्गों पर सड़क मरम्मत, सफाई और पेड़ों की ट्रीमिंग का कार्य पूरा किया जाए। संबंधित विभागों को इसके लिए सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।
म्हारी सड़क पोर्टल की प्रगति रिपोर्ट भी बनेगी रोड सेफ्टी एजेंडा का हिस्सा
मीणा ने कहा कि “म्हारी सड़क पोर्टल” पर दर्ज शिकायतों की मासिक समीक्षा अब रोड सेफ्टी एजेंडा में शामिल होगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे टूटी सड़कों की तस्वीरें पोर्टल पर अपलोड करें ताकि समय पर मरम्मत की जा सके।




