झज्जर।
झज्जर जिले के बहादुरगढ़ शहर में शनिवार देर शाम मामूली क्रिकेट विवाद ने हिंसक रूप धारण कर लिया। सेक्टर-7 स्थित गोकुल धाम क्षेत्र में कुछ युवकों ने एक 22 वर्षीय युवक पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान बीच-बचाव करने आए एक अन्य युवक को भी गंभीर चोटें आई हैं।
मृतक नेपाल का रहने वाला, बहादुरगढ़ में करता था काम
मृतक की पहचान आदर्श पुत्र धमदर, मूल निवासी ब्रह्मपुरी, सीतामढ़ी (नेपाल) के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ समय से रंजीत कॉलोनी, बादली रोड, बहादुरगढ़ में रह रहा था और कैटरिंग के काम से जुड़ा हुआ था।
बच्चों के क्रिकेट खेल से शुरू हुआ विवाद
बताया गया है कि 26 दिसंबर को गोकुल धाम के पास एक खाली मैदान में बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। खेल के दौरान गेंद लगने की बात को लेकर बच्चों और वहां मौजूद कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई। उसी दौरान आदर्श वहां पहुंचा और बच्चों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया।
पुरानी कहासुनी बनी जानलेवा
आरोप है कि इस घटना के बाद दीपांशु, पांडे, रूद्र, राहुल निवासी मांडोठी और शिवम सहित कुछ युवकों ने आदर्श से रंजिश पाल ली। शनिवार शाम करीब 7 बजे गोकुल धाम नहर के समीप आरोपियों ने आदर्श को घेर लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला कर दिया।
बचाने आए युवक को भी मारी चोट
हमले के दौरान आदर्श को बचाने पहुंचे अफजल पुत्र फिरोज, निवासी मोहन नगर, बहादुरगढ़ के सिर में गंभीर चोटें आईं। दोनों घायलों को तत्काल सामान्य अस्पताल बहादुरगढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने आदर्श को मृत घोषित कर दिया। अफजल की हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।




