फरीदाबाद जिले के बड़ौली गांव में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। युवक रात के समय मीट लेने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। सुबह उसका शव गांव के बाहर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मृतक के एक परिचित के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान बड़ौली गांव निवासी रिजवान के रूप में हुई है, जो कबाड़ का काम करता था। परिजनों के अनुसार, वीरवार देर रात वह मीट लेने के लिए घर से निकला था। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सुबह गांव के बाहर उसका शव पड़ा मिला। शव पर चाकू के कई घाव पाए गए, जिससे स्पष्ट है कि उसकी हत्या की गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेजा गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात से कुछ समय पहले रिजवान को उसके साथी बलबीर चंदीला के साथ देखा गया था। इसी आधार पर पुलिस ने बलबीर चंदीला के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आरोपी वारदात के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस हर एंगल से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।




