फरीदाबाद के दिल्ली–मथुरा नेशनल हाईवे पर अजरोंदा चौक के समीप उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक चलती कार में अचानक आग भड़क उठी। घटना के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी बाधित रहा। गनीमत यह रही कि चालक ने समय रहते समझदारी दिखाते हुए वाहन से उतरकर खुद को सुरक्षित कर लिया।
बोनट से धुआं उठते ही बढ़ी चिंता
कार चला रहे तरुण ने बताया कि वह ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े हैं और अपने दो साथियों के साथ गांव अनंगपुर स्थित घर लौट रहे थे। रास्ते में खाने-पीने का सामान लेने के लिए उन्होंने कार रोकी। तभी अचानक कार के बोनट से घना धुआं निकलने लगा। हालात भांपते हुए तीनों तुरंत वाहन से बाहर आ गए।
पलों में आग की चपेट में आई कार
कार से उतरने के कुछ ही देर बाद आग ने पूरे वाहन को घेर लिया और वह धू-धू कर जलने लगी। चालक ने कार में मौजूद सिलेंडर की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उसे काबू में नहीं किया जा सका।
दमकल की टीम ने संभाली स्थिति
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या इंजन के अधिक गर्म होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस कर रही कारणों की जांच
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार, आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।




