फरीदाबाद, 12 अक्टूबर : एनआईटी-3 क्षेत्र में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में चाय की रेहड़ी लगाने वाले बुजुर्ग अजय महतो की मौके पर ही मौत हो गई। वह रोजाना की तरह सुबह तीन बजे प्राची अस्पताल के बाहर अपनी रेहड़ी लगाने की तैयारी कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उनकी रेहड़ी को टक्कर मारते हुए उन्हें कुचल दिया।
बिहार से आकर फरीदाबाद में बसा था परिवार
मृतक अजय महतो मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे और पिछले कई वर्षों से फरीदाबाद के एनआईटी-3 में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। वह मेहनत से चाय की रेहड़ी लगाकर जीवनयापन कर रहे थे।
हादसे के बाद ड्राइवर को लोगों ने पकड़ा
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी कार चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही एसजीएम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बादशाह खान अस्पताल भेजा गया।
बेटे ने जताया दुख, इलाके में शोक की लहर
अजय महतो के बेटे लक्ष्मण महतो ने बताया कि उनके पिता हर दिन सुबह जल्दी उठकर मेहनत करते थे, लेकिन एक लापरवाह ड्राइवर ने उनका सब कुछ छीन लिया। थाना प्रभारी रणवीर मलिक ने बताया कि आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
इस हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।




