फरीदाबाद।
सूरजकुंड थाना क्षेत्र के अंतर्गत आनंगपुर घाटी के तला मोहल्ला में जमीन से जुड़े लंबे विवाद और आर्थिक दबाव से परेशान एक 52 वर्षीय व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान जयपाल भड़ाना के रूप में हुई है। उनका शव घर से कुछ दूरी पर जंगल में एक पेड़ से लटका हुआ मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
मरने से पहले रिकॉर्ड किया लगभग 20 मिनट का वीडियो
पुलिस को जांच के दौरान पता चला है कि जयपाल भड़ाना ने आत्महत्या करने से पहले करीब 19 मिनट 55 सेकंड का एक वीडियो बनाया था। वीडियो में उन्होंने अपनी आर्थिक स्थिति, जमीन विवाद और कथित उत्पीड़न का जिक्र करते हुए कई लोगों पर आरोप लगाए हैं। इसके अलावा पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।
जमीन बेचने के बाद नहीं मिला पूरा पैसा
परिजनों के मुताबिक, वर्ष 2016 में जयपाल भड़ाना ने अपनी एक बीघा जमीन देवेंद्र नाम के व्यक्ति को बेची थी। उस समय आंशिक भुगतान किया गया था और शेष रकम बाद में देने का आश्वासन दिया गया था। आरोप है कि कई बार कहने के बावजूद बाकी पैसे नहीं दिए गए और उन्हें लगातार टालते रहा गया।
फर्जी दस्तावेजों से जमीन आगे बेचने का आरोप
परिवार का आरोप है कि बाद में देवेंद्र ने कथित तौर पर जाली पावर ऑफ अटॉर्नी का सहारा लेकर जमीन की रजिस्ट्री जग्गे नामक व्यक्ति के नाम कर दी और उसे आगे बेच दिया। जब जयपाल को इस पूरे मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने जमीन वापस लेने का प्रयास शुरू किया।
धमकियों से टूटता गया हौसला
परिजनों का कहना है कि जब जयपाल अपनी जमीन पर दोबारा कब्जा लेने पहुंचे तो जग्गे, दिनेश और विकल नामक व्यक्तियों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इन घटनाओं के बाद जयपाल मानसिक रूप से बेहद परेशान रहने लगे थे।
बेटे ने बताई आखिरी गतिविधियां
मृतक के बेटे निखिल ने बताया कि आत्महत्या से एक दिन पहले उनके पिता देवेंद्र से मिलने उसके फार्महाउस गए थे, लेकिन मुलाकात नहीं हो पाई। 27 दिसंबर की सुबह करीब 6 बजे वे घर से यह कहकर निकले कि सैर के लिए जा रहे हैं। देर रात तक जब वे वापस नहीं लौटे तो परिवार ने तलाश शुरू की।
शाम के समय करीब दो किलोमीटर दूर घाटी तला मोहल्ला के जंगल में मोबाइल फोन की घंटी की आवाज सुनकर परिजन मौके तक पहुंचे, जहां जयपाल का शव पेड़ से लटका मिला।
सुसाइड नोट में पांच लोगों पर आरोप
पुलिस के अनुसार, सुसाइड नोट में जयपाल ने जमीन विवाद से जुड़े पांच लोगों के नाम लिखे हैं। बेटे निखिल का कहना है कि मोबाइल में मिले वीडियो में भी उन्हीं लोगों का जिक्र किया गया है, जिन्होंने पैसे नहीं दिए और लगातार धमकियां दीं। जयपाल ने अपने संदेश में प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
राजनीतिक दबाव का भी लगाया आरोप
परिजनों ने बताया कि देवेंद्र, जिसने जमीन खरीदी थी, वार्ड नंबर-23 से भाजपा पार्षद गजेंदर भड़ाना लालजी का भाई है। आरोप है कि जब भी जयपाल पैसे मांगने जाते थे तो उन्हें राजनीतिक रसूख दिखाकर डराया जाता था।
पुलिस जांच जारी
सूरजकुंड थाना के एएसआई अमित कुमार ने बताया कि 27 दिसंबर की रात आनंगपुर के पास जंगल में आत्महत्या की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जमीन विवाद और आर्थिक परेशानी के कारण मृतक मानसिक तनाव में था। सुसाइड नोट के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




