फरीदाबाद में गुरुग्राम रोड पर हनुमान मंदिर के सामने देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक एक फोर्ड इकोस्पोर्ट कार में आग लग गई। हालांकि, बड़ा हादसा होने से पहले ही कार चालक सतर्क हो गया और समय रहते वाहन से बाहर निकलकर सुरक्षित बच गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण इंजन में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक वजह की जांच जारी है।
अरावली विहार निवासी दिनेश ने बताया कि वह फरीदाबाद से दिल्ली के छतरपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें कार के बोनट से चिंगारी निकलती दिखाई दी। उन्होंने तुरंत कार को सड़क किनारे रोका और बोनट खोलने का प्रयास किया, लेकिन तभी इंजन में आग भड़क उठी। कुछ ही पलों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। हालात बिगड़ते देख दिनेश ने तुरंत कार से दूर हटकर अपनी जान बचाई।
कई साल पुरानी थी कार
दिनेश के अनुसार, वह पिछले लगभग आठ वर्षों से इस कार का उपयोग कर रहे थे। आग लगने की वजह से कार के अंदर रखा सामान और जरूरी दस्तावेज पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए।
दमकल विभाग की कार्रवाई, यातायात प्रभावित
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया गया। इस दौरान गुरुग्राम रोड पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सुचारू कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों को लेकर जांच की जा रही है।




