फतेहाबाद।
शहर के सिरसा रोड पर शराब ठेके के सामने सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
टक्कर से सड़क पर दूर जा गिरे युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर काफी दूर जा गिरे। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर घायलों को नागरिक अस्पताल फतेहाबाद पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे को प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पंजाब नंबर की बाइक पर सवार थे दोनों
जानकारी के मुताबिक, बाइक पर सवार युवक पंजाब के जिला मानसा के गांव अयाल्की निवासी लक्की और सोनू थे। वे पंजाब नंबर की बाइक से जा रहे थे, तभी सिरसा रोड पर शराब ठेके के सामने ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
ट्रक चालक की तलाश में पुलिस
नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों ने लक्की को मृत घोषित कर दिया, जबकि सोनू की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने बाइक की आरसी के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और ट्रक के नंबर के सहारे फरार चालक की तलाश की जा रही है।




