इंसाइट न्यूज 24, कुरुक्षेत्र, 15 सितंबर : श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय में अनुशासन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। रचना शरीर विभाग के अध्यक्ष प्रो. सतीश कुमार वत्स को विश्वविद्यालय का नया प्रोक्टर नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान के आदेशानुसार की गई है।
प्रो. वत्स अब विश्वविद्यालय परिसर में अनुशासन बनाए रखने, विद्यार्थियों से जुड़े मामलों में समन्वय स्थापित करने और प्रशासनिक कार्यों में सहयोग की जिम्मेदारी निभाएंगे। कुलपति ने उन्हें बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके अनुभव और संगठनात्मक क्षमता से विश्वविद्यालय की अनुशासन प्रणाली को नई मजबूती मिलेगी।
नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रो. सतीश वत्स ने कुलपति प्रो. धीमान और कुलसचिव प्रो. ब्रिजेंद्र सिंह तोमर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “विश्वविद्यालय प्रशासन ने जो जिम्मेदारी मुझे सौंपी है, उसे मैं पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाऊंगा।”
प्रो. वत्स की नियुक्ति पर संस्थान के अधिकारियों और शिक्षकों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके नेतृत्व में अनुशासन व्यवस्था के और बेहतर होने की उम्मीद जताई।




