इंसाइट न्यूज 24, चंडीगढ़ : प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आज अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 125वें एपिसोड के माध्यम से देशवासियों से संवाद किया। इस अवसर पर हरियाणा के विभिन्न मंत्रियों ने कार्यकर्ताओं और आमजन के साथ कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुना और अपने विचार साझा किए।
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने अंबाला में नागरिकों के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की अपील को सराहा और बताया कि सरकार द्वारा सोलर पंप व पैनल लगाने की योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनमें 1.10 लाख रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है।
खेल तथा कानून एवं विधायी राज्य मंत्री गौरव गौतम ने पलवल में स्थानीय नागरिकों के साथ सामूहिक श्रवण किया। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम आमजन को प्रेरणा देने वाला माध्यम बन गया है और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहा है।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री राजेश नागर ने झज्जर में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल रेडियो प्रसारण नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी का सशक्त माध्यम है। प्रधानमंत्री ने प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की और राहत कार्यों में जुटे संस्थानों की सराहना की।
हरियाणा सरकार ने प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने और उनके विचारों को धरातल पर उतारने की प्रतिबद्धता दोहराई।




