कुरुक्षेत्र।
कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा क्षेत्र में नेशनल हाईवे-152डी पर दिनदहाड़े ज्वेलर की कार लूट के मामले में पुलिस ने अहम सफलता हासिल की है। रोहतक के मदीना गांव निवासी आरोपी प्रदीप और सचिन को अदालत में पेश किया गया, जहां से दोनों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
कार, नकदी और हथियार पुलिस के कब्जे में
पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई कार के अलावा करीब 64 लाख रुपये मूल्य का माल बरामद किया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई क्विड कार, 32 बोर की पिस्टल, उसकी मैगजीन और एक जिंदा कारतूस भी जब्त किया गया है। इससे पहले इस केस में पकड़े गए ड्राइवर संदीप, उसके भाई सूरज उर्फ सोनू और दोस्त अशोक को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
दूसरी गाड़ी का बहाना बनाकर दिया वारदात को अंजाम
जांच में सामने आया कि आरोपी अशोक की क्विड कार में मौके पर पहुंचे थे। लूट के दौरान ज्वेलर की कार के पीछे एक अन्य वाहन भी रुक गया था, जिसे आरोपियों ने चालाकी से यह कहकर रवाना कर दिया कि ज्वेलर की गाड़ी एक्सीडेंट के बाद आई है। वाहन के जाते ही आरोपी योजना के अनुसार कार लेकर फरार हो गए।
ड्राइवर ही निकला साजिशकर्ता
पुलिस पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि लूट की पूरी योजना ज्वेलर के ड्राइवर संदीप ने बनाई थी। उसने अपने भाई और दोस्तों को इसमें शामिल किया। संदीप करीब एक साल से ज्वेलर के यहां काम कर रहा था और उसे कीमती जेवरात व नकदी की आवाजाही की पूरी जानकारी थी।
कर्ज ने बनाया अपराधी
संदीप ने कबूल किया कि उस पर 8 से 10 लाख रुपये का कर्ज चढ़ चुका था और लेनदार लगातार दबाव बना रहे थे। इसी वजह से उसने बड़ी लूट की योजना बनाई। उसने अपने पड़ोसी अशोक कुमार से संपर्क किया, जिस पर करीब 15 लाख रुपये का कर्ज था।
सुबह रोहतक से निकली थी कार
रोहतक के कन्हेली रोड निवासी ज्वेलर सागर शाह ने पुलिस को बताया कि 24 दिसंबर की सुबह करीब साढ़े चार बजे उसका ड्राइवर संदीप कुमार और नौकर युवराज हुंडई वेन्यू कार में रोहतक से शाहाबाद स्थित भोला ज्वेलर की दुकान पहुंचे थे। काम पूरा करने के बाद वे नेशनल हाईवे-152डी से होते हुए वापस लौट रहे थे।
पिस्टल दिखाकर छीनी गई कार
सुबह करीब 9 बजे तलहेड़ी गांव के पास दो गाड़ियों ने आगे-पीछे से कार को घेर लिया। चार बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर कार छीन ली। ड्राइवर को वहीं उतार दिया गया, जबकि युवराज को अपने साथ ले गए और बाद में पिहोवा मोड़ पर छोड़ दिया गया। कार में बड़ी मात्रा में कीमती सामान रखा था।
जांच जारी, और भी आरोपी आ सकते हैं सामने
सीआईए-1 के इंचार्ज सुरेंद्र कुमार ने बताया कि वारदात में अशोक की कार का इस्तेमाल किया गया था। हथियारों की आपूर्ति को लेकर भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में और लोगों की भूमिका की जांच जारी है।




