कुरुक्षेत्र, 15 फरवरी। पिहोवा क्षेत्र में शनिवार देर शाम तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक युवक की जान चली गई, जबकि उसका मित्र गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों संगमेश्वर महादेव मंदिर, अरुणाय में दर्शन कर अपने गांव लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय अमन निवासी भौर सैयदां के रूप में हुई है। घायल सोहन लाल का इलाज शाहाबाद के आदेश मेडिकल अस्पताल में जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
मंदिर से लौटते समय हुआ टकराव
प्रत्यक्षदर्शी राहुल ने बताया कि वह टीकरी गांव से अपना काम निपटाकर घर लौट रहा था। अरुणाय गांव के शिव मंदिर के पास उसकी मुलाकात अमन और सोहन लाल से हुई, जो बुलेट बाइक पर सवार होकर घर जा रहे थे।
सोहन बाइक चला रहा था और अमन पीछे बैठा था। जब वे सैंसा गांव से पहले माता मंदिर के समीप पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज गति की कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े।
चालक मौके से फरार
राहुल ने तुरंत वाहन रोककर घायलों की सहायता की। कार चालक कुछ क्षण के लिए नीचे उतरा, लेकिन बाद में वाहन लेकर फरार हो गया। हादसे में अमन के सिर पर गंभीर चोट लगी, जबकि सोहन के सिर और पैर में गहरी चोटें आईं।
राहगीरों की मदद से दोनों को पिहोवा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने अमन को मृत घोषित कर दिया। सोहन की हालत गंभीर होने पर उसे शाहाबाद रेफर किया गया।
पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश तेज कर दी है।




