रास्ता हटाने को लेकर थार सवार से विवाद, घटना CCTV में रिकॉर्ड
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा कस्बे में गुरुवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भाजपा युवा मोर्चा के एक पदाधिकारी को डराने के उद्देश्य से खुलेआम हवाई फायरिंग की गई। नेता अपने बेटे के जन्मदिन से जुड़ा सामान खरीदने बाजार पहुंचे थे। इसी दौरान रास्ता देने को लेकर थार गाड़ी सवार से कहासुनी हो गई, जो कुछ ही पलों में गंभीर वारदात में बदल गई।
आरोप है कि थार चालक ने गाड़ी हटाने के बजाय पिस्टल निकालकर कई राउंड हवा में फायर कर दिए और इसके बाद मौके से फरार हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
ढाबे से खाना लेकर लौटते समय हुआ विवाद
सैनी मोहल्ला निवासी रिचिक कौशिक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह भाजपा युवा मोर्चा, पिहोवा के महामंत्री हैं। तीन दिसंबर को उनके बेटे का जन्मदिन था और इसी कारण परिवार में आयोजन की तैयारी चल रही थी। रात के समय वह सरस्वती चौक स्थित पवन मार्केट में एक ढाबे से खाना पैक कराने कार से पहुंचे थे।
डिप्पर देने पर बिगड़े हालात
रिचिक के मुताबिक, खाना लेकर लौटते वक्त मार्केट में एक बेकरी के बाहर थार गाड़ी खड़ी मिली, जिससे रास्ता अवरुद्ध था। उन्होंने ड्राइवर को गाड़ी हटाने का संकेत देने के लिए डिप्पर दिया। इस पर थार सवार युवक ने आपत्तिजनक इशारे किए। दोबारा संकेत देने पर वह गुस्से में आ गया और वाहन से उतर आया।
पिस्टल लहराकर 7–8 राउंड फायर
शिकायत के अनुसार, थार चालक ने रिचिक को धमकाना शुरू कर दिया और फिर अपनी गाड़ी से पिस्टल निकालकर 7 से 8 राउंड हवाई फायरिंग कर दी। आरोपी के साथ कुछ अन्य युवक भी मौजूद थे। फायरिंग के बाद सभी युवक थार में बैठकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि वे बेकरी से केक लेने आए थे।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी
पिहोवा के डीएसपी निर्मल सिंह ने बताया कि सिटी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 351(2), 3(5) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।




