पानीपत।
पानीपत जिले के एक गांव से 19 वर्षीय युवती के लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीते पांच महीनों में यह दूसरी बार है जब युवती को कथित तौर पर अगवा किया गया है। परिजनों ने गांव के ही एक अन्य जाति के परिवार पर युवती को बहला-फुसलाकर जबरन विवाह, दुष्कर्म अथवा देह व्यापार के इरादे से ले जाने का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने पर थाना मटलौडा पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने आरोपियों से गंभीर जानलेवा खतरे की आशंका जताई है।
खेतों में चारा लेने गई, फिर नहीं लौटी
मटलौडा थाने में दी गई शिकायत के अनुसार, युवती करीब 15 दिन पहले सुबह लगभग 10 से 11 बजे के बीच पशुओं के लिए चारा लेने खेतों की ओर गई थी। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने पहले अपने स्तर पर तलाश की। कोई सुराग न मिलने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
गांव के युवक और परिवार पर संलिप्तता का आरोप
युवती के चाचा का आरोप है कि गांव निवासी मनीष वाल्मीकि ने युवती को अगवा किया है। इस घटना में उसके भाइयों के साथ-साथ माता-पिता की भी संलिप्तता बताई गई है। परिजनों का कहना है कि आरोपी इससे पहले भी इसी तरह की घटना को अंजाम दे चुका है।
पहले भी हो चुकी है वारदात, धमकियों से डरा परिवार
शिकायत में बताया गया है कि जुलाई माह में भी युवती का अपहरण इन्हीं आरोपियों द्वारा किया गया था, जिस पर 17 जुलाई को थाना मटलौडा में मामला दर्ज कराया गया था। बाद में आरोपी के पिता ने अपने बेटे को बचाने के उद्देश्य से 19 सितंबर को युवती की गुमशुदगी की कथित झूठी रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उस दौरान पुलिस ने युवती को आरोपियों के कब्जे से बरामद किया था।
परिजनों का आरोप है कि उस समय युवती और उसकी मां को पुलिस में बयान देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी। भय के चलते परिवार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इसके बावजूद आरोपी लगातार धमकियां देता रहा और अब युवती को दोबारा अगवा कर लिया गया।
केस दर्ज, आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज
मटलौडा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर जबरन विवाह, दुष्कर्म अथवा देह व्यापार के उद्देश्य से अपहरण करने के आरोप में बीएनएस की धारा 137(2) और 87 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश बढ़ा दी है और जांच प्रक्रिया जारी है।




