पानीपत।
हरियाणा के पानीपत जिले के थाना चांदनी बाग क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति पर दुष्कर्म सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि दोनों के बीच पहले से ही वैवाहिक विवाद चल रहा है और मामला अदालत में विचाराधीन है, इसके बावजूद पति ने कथित तौर पर जबरदस्ती की।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 1 मार्च 2023 को पानीपत निवासी युवक से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही दांपत्य जीवन में तनाव शुरू हो गया। महिला का आरोप है कि उसके पति ने उसकी करीब 10 से 15 लाख रुपये की जमा पूंजी अपने कब्जे में ले ली और उस पर लगातार दबाव बनाया गया। इतना ही नहीं, आरोप है कि उसके साथ दो बार जबरन गर्भपात भी करवाया गया और बाद में ससुराल पक्ष के साथ मिलकर मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया।
महिला ने बताया कि 17 अप्रैल को उसके पति ने फैमिली कोर्ट में विवाह को अवैध घोषित कराने के लिए याचिका दायर की थी। इसके बाद से दोनों अलग-अलग रह रहे थे।
पीड़िता के अनुसार, 14 दिसंबर को वह गोहाना रोड स्थित जीटी रोड के पुल के नीचे अपनी कार में मौजूद थी, तभी उसका पति वहां पहुंचा। आरोप है कि वह नशे की हालत में था और कार में बैठते ही उसने जबरदस्ती शुरू कर दी। महिला का दावा है कि इसी दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
महिला ने इस घटना से जुड़े कुछ साक्ष्य भी पुलिस को सौंपे हैं। उसके अनुसार, घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। शिकायत के आधार पर थाना चांदनी बाग पुलिस ने बीएनएस की धारा 67 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपों की पुष्टि के लिए भौतिक व अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




