हरियाणा के पानीपत जिले में एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने संबंधित विभाग में शिकायत देते हुए बताया कि शादी के कुछ समय बाद से ही उस पर दहेज में कार लाने का दबाव बनाया जाने लगा।
पीड़िता का कहना है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसके साथ लगातार मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया गया। कई बार मारपीट के बाद उसे घर से निकाल दिया गया, जिसके बाद वह अपने मायके में रहने को मजबूर हो गई। महिला ने हाल ही में एक बच्ची को जन्म दिया है, लेकिन ससुराल पक्ष की ओर से कोई संपर्क नहीं किया गया।
मामले को लेकर महिला संरक्षण अधिकारी द्वारा दोनों पक्षों को बुलाकर काउंसिलिंग की प्रक्रिया शुरू की गई है। अधिकारी का कहना है कि शिकायत की जांच की जा रही है और यदि आरोप सही पाए गए तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




