पानीपत, 23 अक्टूबर : समालखा के जीटी रोड पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय अक्षय त्यागी की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब अक्षय ने बेसहारा पशु को बचाने की कोशिश की, लेकिन कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में अक्षय का दोस्त अमन घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दक्ष होटल के सामने हुआ हादसा
यह घटना दिल्ली लेन पर दक्ष होटल के सामने हुई। मृतक के पिता संजय कुमार, निवासी ताजपुर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा अक्षय अपने दोस्त अमन के साथ चाचा की कार लेकर समालखा आया था। देर रात गांव लौटते समय अचानक कार के सामने एक बेसहारा पशु आ गया, जिसे बचाने के प्रयास में गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई।
मौके पर ही हुई मौत, पोस्टमॉर्टम के बाद शव सौंपा गया
टक्कर इतनी भीषण थी कि अक्षय की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस जांच अधिकारी विजय ने बताया कि उन्हें रात को हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए पानीपत भेजा। बुधवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।




