पानीपत। पानीपत जिले के गांव शेरा में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। गांव में चौधरी लेयर पोल्ट्री फार्म हाउस के समीप लगे बिजली ट्रांसफार्मर में अचानक तेज धमाका हुआ, जिसकी चपेट में एक ही परिवार के चार सदस्य आ गए। धमाका इतना जबरदस्त था कि पास स्थित हैचरी की पक्की दीवार भरभराकर गिर गई और दीवार के पास सो रहा परिवार मलबे में दब गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार हैचरी के नजदीक खुले स्थान पर सो रहा था। सुबह अचानक ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी के चलते विस्फोट हुआ। विस्फोट से पैदा हुए तेज कंपन और दबाव के कारण हैचरी की दीवार सीधे सो रहे लोगों पर आ गिरी। हादसा इतना अचानक था कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।
इस घटना में 5 वर्षीय मनसा राम, 25 वर्षीय रंजना, 1 वर्षीय नितेश और 9 साल की मासूम सोनम गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को दीवार के मलबे के नीचे से बाहर निकाला गया।
धमाके की आवाज दूर-दराज तक सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। शोर सुनते ही हैचरी का केयरटेकर और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर दीवार का मलबा फैला हुआ था और उसके नीचे दबे लोगों की चीख-पुकार सुनाई दे रही थी। ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद चारों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला।
घायलों को तुरंत मतलौडा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को गंभीर देखते हुए पानीपत के सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल चारों का इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक बच्चों की हालत ज्यादा नाजुक बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है। घायलों की स्थिति में सुधार आने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और जर्जर ट्रांसफार्मरों को जल्द बदलने की मांग की है।




