आरोपी की तलाश में गांव पहुंची थी सीआईए
पलवल जिले के गुदराना गांव में हत्या के प्रयास के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को पकड़ने पहुंची सीआईए पुलिस टीम पर उसके परिजनों ने हमला कर दिया। हमले के दौरान पुलिसकर्मी किसी तरह सुरक्षित निकलने में सफल रहे, जबकि सरकारी वाहन को भारी नुकसान पहुंचा।
गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई
मुंडकटी थाना प्रभारी तेजपाल के अनुसार, सीआईए होडल में तैनात एएसआई राकेश कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मार्च 2024 में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में गुदराना गांव निवासी भोला फरार है। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह हाल ही में अपने घर आया हुआ है। इसी आधार पर सीआईए टीम गांव में दबिश देने पहुंची।
घर पर मौजूद थे आरोपी के भाई
जब पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची, तो वहां उसके भाई विमल, हरकिशन और कुछ महिलाएं मौजूद थीं। पुलिस के पहुंचते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया।
लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला
आरोप है कि आरोपियों ने अचानक लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से पुलिस टीम पर हमला कर दिया और पुलिसकर्मियों को धमकाया। हालात बिगड़ते देख पुलिसकर्मियों ने पीछे हटकर अपनी जान बचाई, लेकिन हमलावरों ने सरकारी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए।
दो आरोपी काबू, मुख्य आरोपी फरार
घटना के बाद पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाकर भोला के दोनों भाइयों विमल और हरकिशन को गिरफ्तार कर लिया। सूचना मिलने पर मुंडकटी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मुख्य आरोपी भोला अब भी फरार बताया जा रहा है।
कई धाराओं में केस दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिस टीम पर हमला करने और फरार आरोपी को छुड़ाने का प्रयास करने जैसी धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि भोला की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही हैं और जल्द उसे पकड़ लिया जाएगा।




