नारनौल।
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि पूर्व मंत्री डॉ. अभय सिंह ने अपने मन की बात सार्वजनिक रूप से रखी है। उन्होंने कहा कि कोई नेता अपनी बात पहले रखता है, तो कोई बाद में, लेकिन हर व्यक्ति को अपनी भावनाएं व्यक्त करने का अधिकार है। राव नरबीर सिंह यह बात नगर परिषद की पूर्व चेयरपर्सन भारती सैनी के निवास पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।
गौरतलब है कि दो-तीन दिन पहले पूर्व मंत्री डॉ. अभय सिंह ने एक कार्यक्रम में बिना नाम लिए केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह पर इशारों-इशारों में टिप्पणी करते हुए उन्हें “सबको खा जाने वाला बब्बर शेर” कहा था। वहीं राव नरबीर सिंह भी पूर्व में कई सार्वजनिक मंचों से राव इंद्रजीत सिंह के खिलाफ बयान दे चुके हैं।
लोकतंत्र में अपनी बात रखने का अधिकार
राव नरबीर सिंह ने राव इंद्रजीत सिंह को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि वे दोनों एक ही राजनीतिक दल से हैं, लेकिन विचारों में कुछ मतभेद होना स्वाभाविक है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में सभी को अपनी राय रखने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि वे भी अपनी बात रखते हैं और यदि कोई और भी कहना चाहता है तो उसे पूरा अधिकार है।
आईएमटी महेंद्रगढ़ पर दी जानकारी
आईएमटी महेंद्रगढ़ को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने बताया कि फिलहाल वहां जमीन से जुड़ा विवाद चल रहा है और अभी पूरी जमीन उपलब्ध नहीं हो पाई है। जैसे ही जमीन की प्रक्रिया पूरी होगी, महेंद्रगढ़ में आईएमटी स्थापित करने की घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस विषय पर विधायक कंवर सिंह से भी चर्चा हो चुकी है।
कोसली में स्थापित होगी आईएमटी
राव नरबीर सिंह ने बताया कि प्रदेश में प्रस्तावित दस आईएमटी में से एक आईएमटी कोसली में बनाई जाएगी। इसके लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। इससे रेवाड़ी जिले के साथ-साथ दक्षिणी हरियाणा के लोगों को लाभ मिलेगा।
कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप
मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी जी-राम-जी योजना को लेकर लोगों को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना मनरेगा में सुधार करते हुए केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाना है। योजना के तहत 125 दिन के रोजगार की गारंटी और समय पर भुगतान जैसे प्रावधान शामिल किए गए हैं, ताकि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल किया जा सके।
राजनीतिक संकेत भी दिखे
इस अवसर पर अटेली के पूर्व विधायक सीताराम यादव भी मौजूद रहे। हाल के दिनों में वे लगातार राव इंद्रजीत सिंह विरोधी खेमे के साथ नजर आ रहे हैं। उल्लेखनीय है कि अटेली विधानसभा सीट से इस बार उनकी टिकट काटकर आरती राव को दी गई थी। चुनाव के दौरान वे आरती राव के साथ दिखे थे, लेकिन अब वे एंटी राव गुट के साथ दिखाई दे रहे हैं।
ये रहे उपस्थित
इस मौके पर नगर परिषद के उपप्रधान संजय यादव, भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री अमित मिश्रा, विजय सांगवान, संजय सैनी, अजय सिगड़ा, पार्षद सिकंदर सैनी, मोहन भारद्वाज, पार्षद विशाल सैनी, पूर्व पार्षद रोहताश सैनी और पूर्व पार्षद मीना सोनी सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।




