जींद जिले के नरवाना उपमंडल में शनिवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब बडनपुर गांव के समीप नहर में एक युवती का शव मिला। मृतका की पहचान कालता गांव निवासी 23 वर्षीय सलोनी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सलोनी दो दिन पहले कैथल स्थित डीएमसी अस्पताल जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन उसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया था।
शनिवार को बडनपुर गांव के पास नहर में शव बहता देख ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना सदर थाना नरवाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नहर से शव को बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया। इसके बाद शव को नागरिक अस्पताल नरवाना के शवगृह में सुरक्षित रखवाया गया।
पुलिस ने घटना की जानकारी मृतका के परिजनों को दे दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती का पोस्टमार्टम रविवार को कराया जाएगा, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई जारी है।




