इंसाइट न्यूज 24, कुरुक्षेत्र, 21 सितंबर — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आज कुरुक्षेत्र के द्रोणाचार्य खेल स्टेडियम में ‘नमो युवा रन’ का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं भी युवाओं के साथ दौड़ में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा, “यह मैराथन केवल दौड़ नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक है। यह युवाओं की ऊर्जा, समर्पण और मेहनत की भावना को दर्शाती है।” उन्होंने बताया कि सरकार ने योग्यता के आधार पर बिना खर्ची-बिना पर्ची के 1.80 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं।
कार्यक्रम में कौशल विकास, स्टार्टअप नीति, MSME विभाग और विदेश सहयोग विभाग जैसे सरकारी प्रयासों की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने युवाओं से राजनीति में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि “वंशवाद की राजनीति को समाप्त करने में युवा ही सबसे बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।”
प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली ने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है और प्रधानमंत्री मोदी के ‘फिट इंडिया’ व ‘खेलो इंडिया’ जैसे अभियानों को युवाओं ने अपनाया है। सांसद नवीन जिंदल ने बताया कि कुरुक्षेत्र में रिकॉर्ड संख्या में युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
कार्यक्रम में विभाग के प्रधान सचिव राजीव रंजन ने इसे सहभागिता का उत्सव बताया, जिसमें सभी प्रतिभागी विजेता हैं। आयोजन में पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।




