इंसाइट न्यूज 24, कुरुक्षेत्र : सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने आज कुरुक्षेत्र में जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि बाढ़ और जलभराव से जूझ रहे किसानों को न तो स्पेशल गिरदावरी मिली, न ही पर्याप्त मुआवजा। उन्होंने मांग की कि सरकार किसानों को ₹1000 प्रति क्विंटल बोनस दे ताकि उनके जख्मों पर मरहम लगाया जा सके।
हुड्डा ने कहा, “यूपीए सरकार के समय एमएसपी के साथ बोनस भी दिया जाता था। आज सिर्फ पोर्टल खोलने की खानापूरी हो रही है।”
उन्होंने बीजेपी सरकार की तुलना कांग्रेस शासन से करते हुए कहा कि 2014 तक हरियाणा के किसानों को पंजाब से दोगुना मुआवजा मिलता था — ₹10,000 प्रति एकड़। अब हालात उलटे हैं: पंजाब ₹20,000 दे रहा, जबकि हरियाणा ₹7,000 से शुरुआत कर रहा है।
हुड्डा ने विधानसभा चुनावों में कथित गड़बड़ियों का भी जिक्र किया और कहा कि कांग्रेस सड़क से सदन तक जनता के मुद्दों की लड़ाई लड़ेगी।
इस कार्यक्रम में विधायक अशोक अरोड़ा, मनदीप चट्ठा, रामकरण काला समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




