डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने आयोजित किया 562वां स्वैच्छिक रक्तदान शिविर
कुरुक्षेत्र, 17 अक्टूबर : दीपावली के शुभ अवसर पर डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 21 लोगों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। यह शिविर राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित, राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता और डायमंड रक्तदाता डॉ. अशोक कुमार वर्मा द्वारा आयोजित किया गया, जो उनका 562वां रक्तदान शिविर था।
विद्यालय की प्राचार्या मोनिका भाटिया की अध्यक्षता में हुए इस शिविर में उन्होंने रक्तदाताओं को बैज लगाकर सम्मानित किया और कहा कि रक्तदान एक पुण्य कार्य है, जिसे हर स्वस्थ व्यक्ति को करना चाहिए। शिविर संयोजक डॉ. वर्मा ने कहा कि रक्त किसी फैक्ट्री में नहीं बनता, बल्कि एक व्यक्ति ही दूसरे को जीवनदान दे सकता है।
शिविर में मुख्य सिपाही संजीव कुमार राणा ने 50वीं बार, मंजीत सिंह ने 60वीं बार और सुशील कुमार ने कई बार रक्तदान कर प्रेरणा दी। रक्त संग्रहण का कार्य रक्त कोष केंद्र प्रभारी डॉ. विनोद तंवर की अध्यक्षता में हुआ।
रक्तदान करने वालों में संजीव कुमार, मंजीत सिंह, महेंद्र पाल, विकास, सुरजीत सिंह, अजायब सिंह, अरुण कुमार, करनजीत सिंह, गुरतेज कुमार, जितेन्द्र एलाबाधी, देवी चंद, सोहन लाल, विशाखा वर्मा, सुशील, नितीश सहित कुल 21 लोग शामिल रहे।




