कुरुक्षेत्र (हरियाणा)।
कुरुक्षेत्र जिले के ढांड रोड पर खानपुर गांव बस अड्डा के पास गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार ऑल्टो कार ने बाइक सवार को गलत साइड से टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक कार छोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतक की पहचान पबनावा निवासी ऋषिपाल के रूप में
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान कैथल जिले के पबनावा गांव निवासी 34 वर्षीय ऋषिपाल के रूप में हुई है। वह दो बहनों का इकलौता भाई और परिवार का अकेला कमाने वाला सदस्य था। पिता प्रेम नाथ की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी।
गुरुवार शाम ऋषिपाल काम खत्म कर अपनी बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान ढांड रोड पर खानपुर बस अड्डा के पास सामने से आ रही ऑल्टो कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसा उसके चाचा सतीश कुमार के सामने हुआ, जो पीछे अपनी बाइक से चल रहे थे।
गलत साइड से आई कार ने मारी टक्कर
सतीश कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि ऑल्टो चालक ने गलत साइड में आकर बाइक को टक्कर मारी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऋषिपाल बाइक समेत सड़क पर जा गिरा। सतीश ने तुरंत भतीजे को संभाला और उसे एल.एन.जेपी. अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद आरोपी चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने दर्ज की FIR, आरोपी की तलाश जारी
ज्योतिसर पुलिस चौकी इंचार्ज संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने कार नंबर के आधार पर FIR दर्ज कर ली है। शुक्रवार को ऋषिपाल के शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। पुलिस टीम आरोपी चालक की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
परिवार में मातम
अचानक हुए इस हादसे से परिवार में मातम पसरा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए।




