मानसिक स्वास्थ्य व नालसा योजनाओं की दी गई जानकारी, विद्यार्थियों को बताया मानसिक रूप से मजबूत रहने का तरीका
कुरुक्षेत्र, 24 अक्टूबर।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) की सचिव एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नीतिका भारद्वाज ने कहा कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में जिले में लगातार जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों का उद्देश्य विद्यार्थियों और नागरिकों को कानूनी अधिकारों, मानसिक स्वास्थ्य और नालसा की योजनाओं के प्रति जागरूक करना है।
नीतिका भारद्वाज ने जानकारी दी कि इसी कड़ी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कनीपला में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में एलएनजेपी अस्पताल कुरुक्षेत्र के मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. कर्ण ने विद्यार्थियों को मानसिक रूप से दिव्यांग बच्चों के लिए प्रारंभ की गई नालसा योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक उपायों पर भी मार्गदर्शन दिया।
शिविर में पैरालीगल वॉलंटियर (पी.एल.वी.) अमनप्रीत ने विद्यार्थियों के बीच योजनाओं से संबंधित पंपलेट वितरित किए और डीएलएसए द्वारा दी जाने वाली मुफ्त कानूनी सहायता और अन्य गतिविधियों की जानकारी दी।
नीतिका भारद्वाज ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग तक विधिक सहायता और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी पहुंच सके।




