प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में की सराहना, देश-विदेश से पहुंच रहे पर्यटक
कुरुक्षेत्र, 8 जनवरी।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि ज्योतिसर अनुभव केंद्र में महाभारत के प्रत्येक महत्वपूर्ण क्षण को आधुनिक डिजिटल तकनीक के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है। इस केंद्र में कुरुक्षेत्र के 48 कोस तीर्थों का विस्तृत वर्णन भी देखने को मिलता है, जिसके चलते देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं।
उपायुक्त ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ‘मन की बात’ कार्यक्रम सहित विभिन्न मंचों पर ज्योतिसर अनुभव केंद्र की सराहना की है। उन्होंने कहा कि केंद्र को पांच अलग-अलग ब्लॉकों में विकसित किया गया है, जहां अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से महाभारत की प्रमुख घटनाओं, श्रीमद्भगवद्गीता के उपदेशों और 48 कोस तीर्थों को अनोखे अंदाज में दर्शाया गया है। इस भव्य संग्रहालय में रोजाना वीवीआईपी अतिथियों के साथ-साथ विद्यार्थी और विदेशी पर्यटक भी पहुंच रहे हैं।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को इस सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ने के उद्देश्य से टिकट दरों में कमी का प्रस्ताव पर्यटन विभाग को भेजा गया था, जिसे सरकार ने मंजूरी दे दी है। इसके तहत विद्यार्थियों की टिकट राशि 200 रुपये से घटाकर 50 रुपये कर दी गई है। वहीं 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के लिए प्रवेश निशुल्क रखा गया है।
पर्यटन विभाग द्वारा कॉलेज विद्यार्थियों के लिए वीकडेज (सोमवार से शुक्रवार) में टिकट 100 रुपये तथा वीकेंड (शनिवार-रविवार) में 150 रुपये निर्धारित की गई है। अन्य भारतीय नागरिकों के लिए वीकडेज में 200 रुपये और वीकेंड में 250 रुपये प्रति व्यक्ति टिकट दर तय की गई है। विदेशी नागरिकों के लिए वीकडेज में 500 रुपये और वीकेंड में 600 रुपये प्रति व्यक्ति टिकट निर्धारित की गई है।
उपायुक्त ने बताया कि विद्यार्थियों को प्रवेश के समय स्कूल या कॉलेज का आई-कार्ड दिखाना होगा, जबकि आयु प्रमाण के लिए आधार कार्ड भी मान्य होगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे ज्योतिसर अनुभव केंद्र का अवलोकन कर भारत की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को नजदीक से अनुभव करें।




