चरखी दादरी। हरियाणा के चरखी दादरी में बस स्टैंड पर छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करना एक युवक को भारी पड़ गया। युवक द्वारा लगातार आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने से नाराज लोगों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया और सार्वजनिक रूप से उसका मुंडन कर दिया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बस स्टैंड के काउंटर के पास युवक का मुंडन करते हुए लोग दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी भी आसपास खड़े नजर आ रहे हैं। मुंडन के बाद युवक को छोड़ दिया गया।
29 दिसंबर की दोपहर की घटना
यह घटना 29 दिसंबर को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक पास के ही एक गांव का निवासी था और अक्सर बस स्टैंड पर आकर छात्राओं पर अशोभनीय टिप्पणियां करता था। छात्राएं उसकी हरकतों से काफी परेशान थीं और कई बार उसे समझाया भी गया, लेकिन उसने अपनी आदतें नहीं बदलीं।
लोगों का सब्र टूटा, मौके पर दी सजा
सोमवार को युवक ने फिर से छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। भीड़ ने उसे सबक सिखाने के उद्देश्य से सभी के सामने उसका सिर मुंडवा दिया और बाद में पुलिस को सूचना दी।
बस में बैठे व्यक्ति ने बनाया वीडियो
घटना के दौरान बस में बैठे एक व्यक्ति ने पूरा घटनाक्रम मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड किया। वीडियो में वह हरियाणवी भाषा में यह कहते हुए सुनाई देता है कि युवक को सरेआम सजा दी जा रही है और मौके पर पुलिसकर्मी भी मौजूद हैं।
पुलिस ने चेतावनी देकर छोड़ा
बस स्टैंड चौकी प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तब तक युवक का मुंडन किया जा चुका था। इस मामले में कोई लिखित शिकायत दर्ज न होने के कारण युवक को सख्त चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।




